हिरन और शिकारी

एक बार एक शिकारी को पता चला कि सारे जानवर तो जंगल के सभी पेड़ों के फल खाते हैं, लेकिन एक हिरन ऐसा भी है जो सिर्फ एक विशेष पेड़ के ही फल खाता है।

उसने तुरंत ही उस हिरन को पकड़ने की योजना बनाई और उसने उस पेड़ के नीचे ललचाने के लिए कुछ फल रख दिए।

इसके बाद उसने पेड़ के नीचे जाल फैला दिया और पेड़ों की शाखाओं के बीच में छिप गया।

जब हिरन वहाँ पहुंचा तो सोचने लगा, आज इतने सारे फल यहां नीचे कैसे पड़े हैं।

तभी उसकी निगाह पेड़ की शाखाओं में छिपे शिकारी पर पड़ी। हिरन ने शिकारी को न देखने का बहाना करते हुए चिल्लाना शुरू कर दिया, मेरा मनपसंद पेड़ तो बहुत विचित्र व्यवहार कर रहा है।

मैं तो अब किसी दूसरे वृक्ष के फल खाऊँगा। यह कहकर, वह बुद्धिमान हिरन वहां से भाग गया और शिकारी अपने को कोसता रह गया।