सबसे प्रचलित व्यवसाय

अकबर बीरबल कहानी - Akbar Birbal Kahani

एक दिन अकबर ने यह बात जाननी चाही कि उनकी राजधानी में सबसे प्रचलित व्यवसाय कौन-सा है ?

उन्होंने दरबारियों से पूछा, कुछ ने कहा व्यापार, कुछ बोले दुकानदारी, लेकिन अधिकतर का जवाब था, सेना में काम करना।

जब बीरबल की बारी आई तो वह अपने स्थान से उठे और बादशाह को झुक कर सलाम किया और बोले,

"जहांपनाह, मेरे विचार में सबसे प्रचलित व्यवसाय वैद्य का है।

सब हैरान हो गये क्योंकि शहर में वैद्यों की संख्या को आसानी से गिना जा सकता था।

दरबार के वैद्य को भी गुस्सा आ रहा था क्योंकि वैद्य बनना और रोगियों को दवा देना कितना मुश्किल कार्य है।

बीरबल मुस्कराये और बोले, “मैं अपनी बात को साबित कर सकता हूं अगर आप कल सुबह मेरे साथ आयेगें।"

अकबर सहमत हो गये और अगली सुबह शहर की एक मुख्य सड़क पर बीरबल से मिले।

बीरबल के हाथ पर पट्टी बंधी थी।

अकबर ने देखा तो पूछा, क्या बात है ?

बीरबल बोले, "नाश्ते के लिए फल काटते समय हाथ कट गया।

जहांपनाह, आपको रास्ते में मिलने वाले सभी वैद्यों के नाम लिखने पड़ेंगे।"

अकबर बोले, "ठीक है, बीरबल मैं ऐसा करूंगा लेकिन तुम पहले घाव को धोकर उस पर मलहम लगा लो।"

"मैं ऐसा करूंगा पर अपनी बात साबित करने के बाद।" बीरबल ने कहा।

वे पूरा दिन एक सड़क पर बैठे रहे।

बीरबल एक जाने माने व्यक्ति थे, तो जो भी वहां से गुजरता चोट के बारे में पूछता और कुछ न कुछ दवा के बारे में बताता।

जैसे-जैसे दिन गुजरता गया, सूची लम्बी होती गयी और दोपहर तक अकबर लिखते-लिखते थक गये।

अब उन्होंने घर चलने की सलाह दी।

बीरबल ने सूची के बारे में पूछा और कहा, "जहांपनाह, आप अपना नाम तो सबसे ऊपर लिखना भूल गये।

आपने सबसे पहले मुझे सलाह दी थी।"

शिक्षा : बिना सोचे समझे दी गयी सलाह सस्ती होती है और जिसको यह सलाह दी जाती है उस व्यक्ति का आपके प्रति व्यवहार भी अच्छा नहीं होता। अतः हमें ऐसे विषयों पर सलाह नहीं देनी चाहिए जिन पर हमारी पकड़ न हो। ऐसे विषयों पर ही सलाह देनी चाहिए जो हमारे क्षेत्र के हों।