अकबर के पांच सवाल

अकबर बीरबल कहानी - Akbar Birbal Kahani

एक बार बीरबल की गैरहाजिरी में

बादशाह अकबर ने अपने सभासदों से

पांच सवाल पूछे - फूल किसका अच्छा, दूध किसका अच्छा, मिठास किसकी अच्छी, पत्ता किसका अच्छा, राजा कौन अच्छा ?

बादशाह के इन सवालों को सुनकर दरबारियों ने अपनी-अपनी बुद्धि के अनुसार उत्तर दिए।

किसी ने गुलाब तो किसी ने कमल का फूल अच्छा बताया।

इसी तरह दूध के लिए भी हुआ।

किसी ने गाय का तो किसी ने भैंस का दूध अच्छा बताया।

किसी ने केले तो किसी ने नीम आदि के पत्ते को गुणकारी बताया।

राजा कौन अच्छा है ? इसका सभी ने एक स्वर में उत्तर दिया, "बादशाह अकबर अच्छा है।"

बादशाह को उन लोगों की स्वामीभक्ति पर प्रसन्नता तो हुई किन्तु अपने सवालों का यथोचित उत्तर न पाने से संतोष नहीं हुआ।

तभी बीरबल के आने पर वही सवाल बीरबल से पूछे गये।

बीरबल ने इस प्रकार उत्तर दिये"कपास का फूल अच्छा होता है जिससे कपड़ा बनता है।

दूध अपनी माता का सबसे अच्छा होता है इसी से शरीर बढ़ता है और पालन-पोषण होता है।

मिठास वाणी की अच्छी होती है।

पत्ता पान का अच्छा होता है जिसको देने से दुश्मन भी मित्र की तरह अच्छा व्यवहार करता है।

राजाओं में इन्द्र सर्वश्रेष्ठ हैं क्योंकि उनकी आज्ञा से ही बादल पानी बरसाते हैं, जिससे संसार में खेती बाड़ी होती है।"

बीरबल का उत्तर सुनकर अकबर तथा अन्य दरबारी प्रसन्न हुए।

शिक्षा : किसी चीज की उपयोग की क्षमता ही उसकी कुंजी है। अपनी सूझ को बढ़ाकर उसका उचित उपयोग आपको हर जगह सराहनीय बनाता है और मुश्किल परिस्थितियों को हल करने में सहायक भी होता है।