किसान और गाय

एक बार धर्मपाल नाम के एक किसान के पास एक गाय थी, उसे बहुत सारा दूध देती थी। एक दिन गाय बीमार पद गई और उसने दूध देना बंद कर दिया।

किसान ने सोचा कि अब तो यह ठीक नहीं होगी। उसने गाय को जंगल में छोड़ दिया।

गाय वहां से एक दूसरे गांव चली गयी और वहां एक निर्धन किसान माधौ के घर के सामने अचेत होकर गिर पड़ी।

माधौ ने उसकी ठीक तरह से देख भाल की और जल्द ही वह ठीक हो गई। गाय ने फिर से दूध देना शुरू कर दिया और माधौ उस दूध को बेचकर ढेर सारा धन कमाने लगा।

जल्दी ही उस गाय की चर्चा सब जगह होने लगी। जब धर्मपाल ने यह सुना तो वह माधौ के पास आया और उससे गाय वापस करने को कहा। माधौ ने इंकार कर दिया।

वे दोनों अपना झगड़ा गाँव के मुखिया के पास ले गए।

मुखिया ने दोनों किसानों को सामने खड़ा किया और बीच में गाय को छोड़ दिया।

गाय तुरंत जाकर माधौ के पास खड़ी हो गई। मुखिया ने निर्णय सुनाया की गाय अब माधौ की ही है क्योंकि उसी ने उसकी जरूरत के समय देखभाल की और उसे प्यार-दुलार दिया।