जहाज के चप्पे-चप्पे में भूतों का डेरा

कैलिफोर्निया के तर पर एक विशालकाय जहाज क्वीन मैरी पर्यटकों के साथ-साथ भूतों का भी प्रिय स्थान है।

कई पर्यटकों ने समय-समय पर इस विशालकाय जहाज पर भूतों को विचरण करते देखा है।

इस बारह मंजिला जहाज की सजावट अद्भुत्‌ कलाकृतियों से की गई है जो पर्यटकों को अनायास ही अपनी ओर आकर्षित करती है।

क्वीन मैरी द्वितीय विश्वयुद्ध का साक्षी है। इस जहाज का निर्माण सन्‌ 1934 में सैन्य कार्यों के लिए किया गया था।

द्वितीय विश्वयुद्ध के समय क्वीन मैरी ने अपनी भूमिका बखूबी निभाई थी।

इस युद्ध में वह सैनिकों व सैन्य साजो-समान को ढोता था।

यदि यह कहा जाए कि क्वीन मैरी का द्वितीय विश्वयुद्ध जीतने में काफी योगदान रहा तो कोई अतिश्योक्ति नहीं होगी।

द्वितीय विश्वयुद्ध खत्म होने के बाद भी काफी वर्षों तक यह जहाज सैन्य कार्यों के लिए इस्तेमाल किया जाता रहा।

सन्‌ 1967 में इसे सेना से हटाकर पर्यटकों के लिए होटल में तब्दील कर दिया गया ।

इस जहाज के अंदर की सजावट एवं रख-रखाव पर्यटकों को आज भी आकर्षित करती है।

लोगों के मन में यह विश्वास है कि इस जहाज के चप्पे-चप्पे पर भूतों ने कब्जा कर रखा है ।

कुछ भूतों को पहचाना भी जा सकता है। इस जहाज पर आने वाले पर्यटकों को अजीबो-गरीब आवाजें सुनने को मिलती हैं ।

जहाज के डॉक पर जॉन पैडर नाम के व्यक्ति के भूत को देखा जाता है जो 10 जुलाई 1966 को जहाज को ठीक करते वक्‍त एक हादसे में मारा गया था।

जहाज पर रहने वाले गार्ड का कहना है कि जॉन पैडर आज भी जहाज पर देखा जाता है।

कई बार रात में पहरे के समय जहाज के कलपुर्जों के चलने की आवाजें आती हैं।

टूरिस्ट गाइडों का कहना है कि कई बार उन्हें लगता है, उनके पीछे लंबा काला साया खड़ा है, लेकिन पीछे मुड़ते ही वह गायब हो जाता है।

लोगों द्वारा जहाज के स्टोर रूम में बच्चों के खेलने की आवाजें सुनी जाती हैं ।

उसी तरह जहाज के स्वीमिंग पुल पर भी हंसने एवं चिललाने की आवाजें आती हैं।

इस स्वीमिंग पूल में दो औरत एवं एक लड़का डूब गए थे, जो आज भी यहां देखे जाते हैं। लोगों को स्वीमिंग पुल के निकट टूरिस्ट गाइड के बिना जाना मना है।

जहाज के किचन के बारे में कहा जाता है कि द्वितीय विश्व युद्ध के समय किचन में रसोइए द्वारा अच्छा खाना नहीं बनाने के कारण जहाज पर दंगा हो गया था जिसमें लोगों ने रसोइए को मारकर तंदूर में डाल दिया था।

क्वीन मैरी जहाज पर भूतों का कब्जा होने से यह पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है ।

कई बार पर्यटकों को लगता है कि जहाज पर उनके अलावा कोई और भी है पर जांच करने पर कुछ पता नहीं चलता।

हां, इस जहाज पर उन्हें भूतों का साया अवश्य दिख जाता है।